शिक्षा सप्ताह के समापन पर निकाली जागरूकता रैली
सामुदायिक सहभागिता के तहत लोगों को किया जगरूक
स्कूलों में आयोजित की गईं विभिन्न गतिविधियां
संवाद न्यूज एजेंसी
ताल/डिंडवी/सुजानपुर/हमीरपुर। जिलाभर के 735 स्कूलों में आठ से 16 अगस्त तक शिक्षा सप्ताह मनाया गया। इसके अंतर्गत स्कूलों में प्रत्येक दिन अलग-अलग गतिविधियां करवाई जा रही हैं। पढ़ाई से लेकर खेलकूद गतिविधियों में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सप्ताह के समापन पर सामुदायिक सहभागिता रैली का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों, शिक्षकों ने अभिभावकों के साथ आसपास के क्षेत्र में जाकर सामुदायिक सहभागिता के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। जागरूकता रैली में उन्होंने विद्यांजलि पोर्टल पर स्वयंसेवियों के नाम जोड़ने और लोगों को अधिक से अधिक स्कूलों के विकासात्मक कार्यों में जुड़ने के लिए प्रेरित किया। इसी क्रम में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ताल के प्रांगण में शिक्षा सप्ताह मनाया गया। इसमें छठी कक्षा से लेकर बारहवीं तक के छात्रों ने भाग लिया। कार्यक्रम में पोषण दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पाठशाला की अध्यापिका रविंद्र कौर ने छात्रों को विभिन्न प्रकार के खाद्य पदार्थों का शरीर पर पड़ने वाले प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी तथा उस पर चर्चा भी की गई। प्रधानाचार्य सुभाष चंद ने छात्रों को शरीर के उचित विकास के लिए उचित आहार लेने की जानकारी दी। इस अवसर पर स्कूल के अध्यापक और प्राध्यापक उपस्थित रहे ।