सिविल अस्पताल टौणी देवी में मरीज चिकित्सकों का इंतजार करते हुए। संवाद
हमीरपुर। जिला हमीरपुर में भी मंगलवार को चिकित्सकों की पेन डाउन स्ट्राइक शुरू हो गई। जिले के सिविल अस्पतालों, सीएचसी व पीएचसी में चिकित्सकों ने सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक हड़ताल की। इस दौरान अस्पतालों में आए मरीज इलाज के लिए इधर-उधर भटकते रहे। सिविल अस्पताल भोरंज, टौणी देवी, नादौन, बड़सर में भी चिकित्सकों की पेन डाउन स्ट्राइक जारी रही। हालांकि, मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने काले बिल्ले लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। हड़ताल के पहले दिन प्राथमिक हेल्थ सेंटर जंगलबैरी में रोगियों की लंबी कतार लगी रही।
लोगों ने सरकार के प्रति अपना रोष व्यक्त किया और डॉक्टरों की मांगों को पूरा करने का आह्वान किया। मरीज प्यार चंद ने कहा कि मंगलवार को वह अपना चेकअप करवाने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जंगलबैरी में आए थे। उनके साथ दर्जनों लोग यहां पर स्वास्थ्य लाभ के लिए पहले ही मौजूद थे। लेकिन, चिकित्सकों की हड़ताल के चलते निर्धारित समय तक उनका उपचार नहीं हो पाया। इससे भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, सेंटर प्रभारी जंगलबैरी में तैनात मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर सुरेंद्र सिंह डोगरा ने कहा कि हड़ताल मंगलवार से शुरू हुई है। इसे लेकर पहले ही सरकार एवं विभागीय उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया गया है। आपातकालीन सेवाएं 24 घंटे उपलब्ध हैं।