एनजीओ भवन में स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित कैंप में जांच करवाती आईटीआई की छात्राएं व अन्य। स
छह लोगों में टीबी के लक्षण, 28 में पाई गई खून की कमी
लोग बोले-स्वास्थ्य जांच शिविर में आसानी से हो गए सभी टेस्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। स्थान: एनजीओ भवन हमीरपुर। समय 10:20 हुए हैं। यहां पर शुक्रवार को स्वास्थ्य खंड टौणी देवी के तहत स्वास्थ्य विभाग की ओर से इंटेंसिफाइड (सघन) स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसके शुभारंभ पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय जगोता, जिला टीबी कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुनील, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राकेश, खंड चिकित्सा अधिकारी टौणी देवी डॉ. अभिनीत, आईसीटीसी रितु, एलटी टि्ंवकल, टीबी सुपरवाइजर जीवन, सीएचओ चांदनी, संतोष कुमार, डॉ. प्रिया, डॉ. राजकुमार आदि उपस्थित रहे। कैंप में टीबी, बीपी, शूगर, हेपेटाइटिस बी, हेपेटाइटिस सी, टीबी आदि की जांच की जा रही है। लोग कतारों में लगे हैं और यहां पर जांच करवा रहे हैं। 10 बजे से लेकर 12 बजे तक करीब 130 लोगों के विभिन्न टेस्ट किए जा चुके हैं। प्रवासी, स्थानीय लोग व आसपास के विभागों के कर्मचारी भी यहां पर अपना चेकअप करवा रहे हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत इस कैंप का आयोजन किया गया है। अब दो बज गए हैं और 12 से दो बजे तक कुल 180 लोगों के विभिन्न टेस्ट किए गए हैं। कैंप पांच बजे तक आयोजित किया गया। दो से पांच बजे तक कुल 279 लोगों के विभिन्न टेस्ट किए गए। इसमें हेपेटाइटिस सी टेस्ट सभी लोगों का हुआ। इसमें सभी निगेटिव निकले। जबकि हेपेटाइटिस बी में एक व्यक्ति पॉजिटिव पाया गया। वहीं, ब्लड शुगर के सात नए मरीज मिले। सभी 279 लोगों का टीबी का टेस्ट भी किया गया। इनमें से छह लोगों में टीबी के लक्षण दिखे। इनकी बलगम का सैंपल ले लिया गया है। वहीं, 28 लोगों में खून की कमी पाई गई। इस बारे में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय जगोता ने कहा कि स्वास्थ्य खंड टौणी देवी के तहत एनजीओ भवन में इंटेंसिफाइड (संघन) हेल्थ कैंप का आयोजन कि या गया। इसमें विभिन्न बीमारियों की जांच की गई। उन्होंने कहा कि लोगों को इन कैंपों का लाभ उठाना चाहिए।
क्या कहते हैं लोग
स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने कैंप की जानकारी दी थी। ऐसे में यहां पर विभिन्न टेस्टों की जांच करवाने पहुंचे हैं।
-मोहन
अस्पताल में तो छोटा टेस्ट करवाने के लिए पूरा दिन लगता है। यहां पर कैंप में विभिन्न टेस्ट किए जा रहे हैं। इसका लाभ लेने पहुंचे हैं।
-ईमिल
यहां पर बीपी, शुगर, एचबी, हेपेटाइटिस बी और सी के टेस्ट मुफ्त में किए जा रहे हैं। दवाइयों का वितरण भी मुफ्त में किया जा रहा है।
-रीता
टीबी की जांच की जा रही है तथा डिजिटिल एक्सरे की सुविधा भी इस कैंप में दी गई। इस तरह के कैंप समय-समय पर लगने चाहिए ताकि लोगों को इनका लाभ मिल सके।
मंजू