हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर में कैश काउंटर की पर्ची कटवाने के लिए मरीजों और तीमारदारों को अब भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी। सोमवार से मेडिकल कॉलेज का मुख्य कैश काउंटर धरातल पर पर्ची काउंटर के साथ शुरू हो गया है। पहले यह कैश काउंटर दूसरे तल पर इमरजेंसी वार्ड के साथ था। पैथोलॉजी जांच में खून और पेशाब की जांच करवाने वाले मरीजों को पहले लैब में प्रविष्टिी करवानी पड़ती थी। इसके बाद कैश जमा करवाने और इसकी पर्ची कटवाने दूसरी मंजिल की ओर दौड़ लगानी पड़ती थी। इसके बाद लैब में आकर उसके टेस्ट होते थे। ऐसे में मरीज को अस्पताल के तीन चक्कर लगाने पड़ते थे।
इस कारण मरीजों का तीमारदारों को परेशानी होती थी। अब अस्पताल के पर्ची काउंटर पर पैथोलॉजी लैब के नजदीक ही कैश काउंटर की सुविधा मिलेगी। लैब की सीढ़िया चढ़कर सामने इंजेक्शन कक्ष के साथ कैश काउंटर शुरू हो गया है। सोमवार को मरीजों को टेस्टों का शुल्क जमा करवाने व इसकी पर्ची लेने के लिए ज्यादा भागदौड़ नहीं करनी पड़ी। हालांकि, कैश काउंटर पर भीड़ जरूर रही। उधर, मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेश चौहान ने कहा कि कैश काउंटर को पर्ची काउंटर के साथ शिफ्ट कर दिया है। इस कमरे के बाहर की ओर पर्ची काउंटर और अंदर की ओर कैश काउंटर बनाया गया है। टेस्ट करवाने वाले मरीजों का शुल्क अब यहां कटेगा।
--