नादौन (हमीरपुर)। उपायुक्त हरिकेश मीणा ने नादौन क्षेत्र दौरा कर कर्फ्यू के हालात और लोगों को पेश आ रही समस्याओं का जायजा लिया। उन्होंने आगामी रणनीति बनाने के लिए अधिकारियों के साथ बैठक भी की।
मीणा ने अधिकारियों सहित नादौन के दो क्वारंटीन केंद्रों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने राधा स्वामी सत्संग भवन में रखे 24 लोगों को तथा ब्यास पुल के निकट लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में रखे एक व्यक्ति के बारे में जाकर फीडबैक ली। मीणा ने बताया कि प्रशासनिक अधिकारियों के साथ हालात का जायजा लेकर आगामी रणनीति तय की गई है। उन्होंने बताया कि यदि भविष्य में और अधिक लोगों को क्वारंटीन या आईसोलेशन में रखने की आवश्यकता पड़ती है तो नादौन क्षेत्र में इसके लिए चिह्नित स्थलों पर सुविधाएं उपलब्ध करवाने या इसके अलावा और अधिक केंद्र बनाने पर भी विस्तार से चर्चा करके निर्णय लिए गए।
उन्होंने बताया कि संख्या बढ़ने पर कितने लोगों को कहां-कहां रखा जा सकता है, इसका भी खाका तैयार किया है। उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर से विभिन्न स्थानों पर हालात पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने बाहर से आए लोगों से भी आग्रह किया है कि यदि किसी ने अपने पहुंचने की जानकारी प्रशासन को नहीं दी है तो तुरंत इसकी सूचना दें। अन्यथा पकड़े जाने पर ऐसे लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर एसडीएम किरण भड़ाना, बीडीओ पारस अग्रवाल, तहसीलदार सुमेध शर्मा, थाना प्रभारी प्रवीण राणा, अनिल सोंधी और एसडीओ नरेश कौशल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।