हमीरपुर। अब क्वारंटीन पर रखे लोग ऐप के माध्यम से मोबाइल लोकेशन के आधार पर विभाग की नजर में रहेंगे। स्वास्थ्य विभाग ने बाकायदा ऐसे लोगों को ऐप से जोड़ने की कवायद शुरू कर दी है। विभाग की ओर से आशा व हेल्थ वर्कर्स ऐसे लोगों के घर जाकर उनके मोबाइल नंबर पर भेजे ओटीपी से विभाग से अवगत करवाएंगे और इस माध्यम से ऐसे लोगों की लोकेशन स्वास्थ्य विभाग को पता लगती रहेगी। पहली बार क्वारंटीन सेंटर या घर से 50 मीटर इधर-उधर जाने पर ऐसे लोगों को विभाग फोन कर घर पर रहने की हिदायत देगा।
अगर फिर भी यह लोग नहीं मानते हैं और हलचल पाई जाती है तो ऐसे लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बता दें कि पूर्व में क्वारंटीन पर रखे कुछ लोग घरों से बाहर निकलकर दुकानों में खरीदारी इत्यादि के लिए पहुंच रहे थे। जिससे खतरा पैदा हो रहा था। अब स्वास्थ्य विभाग ने कोविड-19 ऐप के माध्यम से इन लोगों पर लोकेशन के आधार पर नजर रखना शुरू कर दिया है। जिले में कुल 191 लोग क्वारंटीन पर रखे हैं, इन्हें ऐप से जोड़ने के लिये आशा व हेल्थ वर्कर्स उनके मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी को विभाग को बता कर उन्हें ऐप से जोड़ रही हैं। शुक्रवार तक 130 के करीब ऐसे लोगों को ऐप से जोड़ दिया गया है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी एवं नोडल अधिकारी डॉक्टर संजय जगोता का कहना है कि क्वारंटीन पर रखे जिला के लोगों पर ऐप के माध्यम से लोकेशन के आधार नजर रखी जा रही है। घर से बाहर आते ही एक बार उन्हें घर रहने की हिदायत दी जाएगी।अगर कोई नहीं मानता है तो पुलिस को सूचित कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।