सुजानपुर राशन डिपो पर राशन लेने पहुंचे उपभोक्ता।
- फोटो : Hamirpur-HP
सुजानपुर (हमीरपुर)। उचित मूल्य की दुकानों में राशन मिलने की सूचना मिलते ही सोमवार को सुजानपुर उपमंडल के डिपुओं के बाहर भीड़ उमड़ गई। सुबह सात से दस बजे तक ही डिपो संचालकों ने राशन दिया। बाकी उपभोक्ताओं को बिना राशन घर लौटना पड़ा।
कर्फ्यू में तीन घंटे की ढील की जानकारी के बावजूद लोगों ने डिपो के बाहर भीड़ लगा दी। इनमें से कुछ लोगों को घर भेज दिया गया। करीब 3 दर्जन लोगों को ही एक समय में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करवा कर राशन दिया गया। भीड़ उमड़ने पर दर्जनों लोगों को खाली हाथ वापस जाना पड़ा। सुजानपुर उपमंडल के तहत करीब तीन दर्जन डिपो हैं। इनमें खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से दिए जाने वाले राशन की सप्लाई से कोटा मिलना शुरू हो गया है। जिन डिपुओं में सप्लाई पहुंच गई है, उन डिपो धारकों ने सामान वितरित करना शुरू कर दिया है। इसमें बीपीएल परिवार से जुड़े उपभोक्ताओं को इसी माह दो माह का कोटा दिया जाएगा। डिपो में अनुदान पर चावल, चीनी, दालें, सरसों का तेल उपलब्ध करवाया जाता है।
डिपुओं में राशन मिलने की जैसे ही लोगों को भनक लगी भारी संख्या में उपभोक्ता पहुंचने शुरू हो गए। उसे कई डिपो पर लंबी कतार लग गईं। हालांकि सोशल डिस्टेंस को लेकर तीन दर्जन के करीब ही उपभोक्ताओं को एक समय में राशन दिया गया। जिन लोगों को राशन नहीं नहीं मिल पाया वापस लौटना पड़ा।