मेडिकल कॉलेज के कैश काउंटर पर लोगों की भीड़। संवाद
हमीरपुर। अप्रैल में मौसम के लगातार बदलते मिजाज ने लोगों की सेहत पर असर डालना शुरू कर दिया है। सुबह-शाम हल्की ठंड, दोपहर में गर्मी और बारिश के कारण लोग सर्दी, खांसी और बुखार जैसी समस्याओं का शिकार हो रहे हैं।
इसका सीधा असर मेडिकल कॉलेज हमीरपुर की ओपीडी पर भी पड़ रहा है। शनिवार दोपहर तक मेडिकल कॉलेज में करीब 1000 मरीज ओपीडी में पहुंचे। इनमें मेडिसिन ओपीडी में 160, ऑर्थो में 110, मनोरोग में 55, ईएनटी में 75, त्वचा ओपीडी में 110, बाल रोग ओपीडी में 40 और नेत्र ओपीडी में 90 मरीजों ने इलाज करवाया।
विशेष रूप से मेडिसिन ओपीडी में 30 से अधिक मरीज सर्दी, खांसी और बुखार से पीड़ित पहुंचे। चिकित्सकों के अनुसार मौसम में तेजी से बदलाव से शरीर की रोग9प्रतिरोधक क्षमता कमजोर पड़ जाती है, जिससे लोग जल्दी संक्रमण की चपेट में आ जाते हैं। खासकर बच्चे और बुजुर्ग इस समय ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।
मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देशराज शर्मा ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी लक्षण के दिखने पर तुरंत चिकित्सक से परामर्श लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि उचित सावधानी और समय पर इलाज से गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है।