हमीरपुर। मलेरिया की रोकथाम और बचाव को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। विभाग ने सभी बीएमओ को निर्देश जारी करते हुए बुखार के प्रत्येक मरीज की मलेरिया की दृष्टि से जांच सुनिश्चित करने को कहा है।
स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों की स्लाइड बनाकर और माइक्रोस्कोप के माध्यम से रक्त परीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य संस्थानों को सर्विलांस बढ़ाने के लिए भी कहा गया है, ताकि समय रहते मलेरिया के मामलों की पहचान कर बीमारी के फैलाव को रोका जा सके।
पिछले वर्ष जिले में मलेरिया के पांच मामले सामने आए थे, जिसके चलते इस बार विभाग पहले से अधिक सतर्क है। एक्टिव सर्विलांस के तहत स्वास्थ्य कर्मी गांवों और संवेदनशील क्षेत्रों में बुखार से पीड़ित लोगों की पहचान करेंगे, जबकि पेसिव सर्विलांस के तहत अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में आने वाले मरीजों की नियमित जांच की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से साफ-सफाई बनाए रखने और मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है।
कोट
मलेरिया से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग प्रयासरत्त है। बुखार के प्रत्येक मरीज की मलेरिया की दृष्टि से भी जांच होगी। इस बारे में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
-डॉ. सुनील वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी