खरबाड़ स्कूल के पास हांफी एचआरटीसी बस
लदरौर (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खरबाड़ के पास एचआरटीसी की बस हांफ गई। बस के खराब होने के कारण यात्री काफी परेशान हुए। इसके बाद एचआरटीसी की ओर से यात्रियों के लिए अन्य बस की सुविधा प्रदान की गई।
हिमाचल पथ परिवहन निगम हमीरपुर डिपो की बस जंगलबैरी से शिमला जा रही थी। सुबह करीब 6:30 बजे बस जंगलबैरी से रवाना हुई। बस अभी खरबाड़ स्कूल ही पहुंची थी कि उसमें तकनीकी खराबी आ गई। चालक-परिचालक की ओर से बस को अपने स्तर पर ठीक करने का प्रयास किया गया, लेकिन बस ठीक नहीं हो सकी।
बस में सफर करने वाले यात्रियों के लिए अन्य बस की सुविधा दी गई। हालांकि कई यात्री अन्य निजी बस में चले गए। नियमित रूप से खराब हो रही बसों से यात्री भी खासा परेशान हो रहे हैं। सप्ताह में दो से तीन बसें बीच सफर में रुक जाती हैं। यात्रियों ने निगम प्रबंधन से मांग की है कि बसों की नियमित रूप से जांच के बाद इन्हें रूट पर भेजा जाए।
कोट
बस के खराब होने की सूचना मिली थी। यात्रियों के लिए अन्य बस का प्रबंध किया गया है। बस को ठीक करने के लिए मैकेनिक भेजा गया है।
-राहुल कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक, एचआरटीसी हमीरपुर डिपो