संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिला मुख्यालय हमीरपुर से थुरल-मारंडा वाया सुजानपुर सड़क में सफर अब सुगम होगा। वाहन चालकों को इस मार्ग में वाहन चलाने में दिक्कतें नहीं आएंगी।
हमीरपुर से थुरल-मारंडा वाया सुजानपुर सड़क का विस्तार किया जाएगा। सड़क के विस्तारीकरण के लिए लोक निर्माण विभाग ने करीब साठ किलोमीटर रूट को डबल लेन करने की प्रपोजल सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय नई दिल्ली को भेजी है।
केंद्रीय सड़क और बुनियादी ढांचा कोष (सीआरआईएफ) के तहत इस कार्य पर राशि खर्च होगी। इस रूट पर जितने भी सिंगल लेन के पुल हैं, उन्हें भी डबल लेन किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग ने करीब 186 करोड़ की डीपीआर बनाई है। यदि प्रपोजल को मंत्रालय से स्वीकृति मिलती है तो आगामी कार्रवाई जल्द शुरू होगी। इस रूट पर जहां मोड़ तंग हैं, वहां पर चौड़ाई बढ़ भी सकती है। पालमपुर से हमीरपुर वाया सुजानपुर सड़क कई जगह काफी तंग है।
इस रूट पर संकरे मोड़ हैं, जिस कारण आवाजाही में अधिक समय लगता है। यदि योजना सिरे चढ़ती है तो हमीरपुर से मारंडा वाया सुजानपुर तक सड़क के चौड़ा होने से रास्ता सुगम होगा, जिससे समय की बचत होगी।