हमीरपुर। स्कूल स्तर की शिक्षा में प्रदेश में हमीरपुर जिले ने स्नातक स्तर में नए आयाम स्थापित किए हैं। राजकीय उत्कृष्ट काॅलेज हमीरपुर ने शिक्षा के क्षेत्र में डिजिटल पहल को मजबूती से अपनाते हुए प्रदेशभर में प्रथम स्थान हासिल किया है।
क्लास रूम से लेकर पुस्तकालय तक हाईटेक सुविधाओं से लैस महाविद्यालय अकादमिक, खेल और आधारभूत संरचना के मामले में अग्रणी बनकर उभरा है। महाविद्यालय में विद्यार्थियों को पारंपरिक कक्षा शिक्षण के साथ-साथ ऑनलाइन और इंटरेक्टिव माध्यम से भी पढ़ाई की सुविधा मिल रही है।
प्रत्येक कक्षा कक्ष को स्मार्ट क्लास रूम में बदला गया है, जिससे पढ़ाई अधिक प्रभावी और सुगम बनी है। आने वाले समय में परिसर में तीन नए वर्चुअल क्लास रूम स्थापित किए जाएंगे। इससे प्राध्यापक की अनुपस्थिति में भी विद्यार्थी ऑनलाइन माध्यम से पाठ्यक्रम जारी रख सकेंगे। वर्तमान में महाविद्यालय में विभिन्न संकायों के 25 कोर्स संचालित हो रहे हैं, जिनमें लगभग 4000 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। बीते एक सत्र में आठ विद्यार्थियों ने नेट परीक्षा उत्तीर्ण की, जबकि सात विद्यार्थी प्रदेश विवि की मेरिट सूची में स्थान बनाने में सफल रहे।
खेल विभाग में भी महाविद्यालय ने प्रदेश स्तर पर ओवरऑल ट्रॉफी अपने नाम की है। शीघ्र ही परिसर में इंटीग्रेटेड बीएड कोर्स और विज्ञान समर्पित अनुसंधान कक्षाएं शुरू की जाएंगी, जिससे प्रदेश और देशभर के शोधार्थियों को विज्ञान विषय में अनुसंधान का अवसर मिलेगा। संवाद