एडीएम को ज्ञापन सौंपते आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ और भामसं के पदाधिकारी।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ हमीरपुर ने भारतीय मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष तिलक राज शर्मा की अगुवाई में सोमवार को एडीएम के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा गया। ज्ञापन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपनी मूलभूत मांगों को पूरा करने की गुहार लगाई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि सरकार और स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं बेहतरीन सेवाएं दे रही हैं। चाहे टीकाकरण हो, पोलियो अभियान हो, मतदाता सूचियों का सर्वे हो, जन्म-मृत्यु का पंजीकरण हो या जनगणना हो, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं दिन-रात एक करके काम करती हैं। इसलिए इनकी मांगों को पूरा किया जाना चाहिए।
संघ की मांगों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं-सहायिकाओं को सरकारी कर्मचारी घोषित करना, सरकार द्वारा घोषित न्यूनतम वेतन देना, राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों को प्राथमिक विद्यालय की मान्यता और इनमें कार्यरत कार्यकर्ता को प्री प्राइमरी टीचर व सहायिका का प्री प्राइमरी असिस्टेंट टीचर का पदनाम दिया जाए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी कर्मचारी भविष्य निधि, पेंशन, ग्रेच्युटी, चिकित्सा सुविधा दी जाए। इन्हें भी सरकारी कर्मचारियों की तरह अर्जित अवकाश, आकस्मिक अवकाश, चिकित्सा अवकाश और त्योहारों पर छुट्टियां दी जाएं। भारतीय मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष तिलक राज शर्मा ने कहा कि एडीएम के माध्यम से यह मांगपत्र प्रधानमंत्री को भेजा गया है।