फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल: 'नजरें मत मिलाना, डॉक्टर साहब कहकर नमस्ते करना', हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में रैगिंग की शिकायत

Wed, 14 Oct 2026 09:38 AM IST
Ankesh Dogra संवाद न्यूज एजेंसी, हमीरपुर (हि. प्र.)

सार

हमीरपुर के डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज में रैगिंग की शिकायत की जांच के दौरान आठ जूनियर विद्यार्थियों के बयान दर्ज किए गए हैं। आरोप है कि सीनियर छात्रों ने उन्हें नजरें झुकाकर बात करने और मिलने पर ‘डॉक्टर साहब’ कहकर नमस्ते करने के निर्देश दिए थे।
विज्ञापन
हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में रैगिंग। - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में रैगिंग की शिकायत को लेकर जांच तेज हो गई है। मामले में प्रथम वर्ष के आठ जूनियर विद्यार्थियों के बयान दर्ज किए गए हैं। शिकायतकर्ताओं ने सीनियर छात्रों पर कथित तौर पर दबाव बनाने और उनके लिए अभिवादन तथा बातचीत के तरीके तय करने के आरोप लगाए हैं। मामले में द्वितीय वर्ष के नौ विद्यार्थियों की भूमिका जांच के दायरे में है।

विज्ञापन
Trending Videos

शिकायत के अनुसार, जूनियर विद्यार्थियों को भोटा चौक स्थित एक सीनियर छात्र के पीजी कमरे में बुलाया गया था। वहां उन्हें निर्देश दिए गए कि सीनियर से बात करते समय नजरें झुकाकर रखें और जब भी मुलाकात हो, ‘डॉक्टर साहब’ कहकर नमस्ते करें। इसके अलावा, उन्हें अपना परिचय देने के लिए एक निर्धारित प्रारूप भी दिया गया था।

आठ जूनियर छात्रों के बयान दर्ज
मंगलवार को एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक में शिकायतकर्ता विद्यार्थियों और संबंधित सीनियर छात्रों के बयान दर्ज किए गए। शिकायत में दिल्ली निवासी प्रथम वर्ष के एक छात्र ने आरोप लगाया कि करीब पांच दिन पहले उसे सीनियर ने अपने कमरे में बुलाया था, जहां उस पर कथित तौर पर इन निर्देशों का पालन करने का दबाव बनाया गया। शिकायतकर्ता छात्र ने कमेटी के सामने अपना पक्ष रखा। उसके अनुसार, इस तरह के व्यवहार का सामना अन्य सहपाठियों को भी करना पड़ा। इसके बाद सात अन्य जूनियर विद्यार्थियों के बयान भी दर्ज किए गए। खबर के अनुसार, इन विद्यार्थियों ने शिकायत में बताए गए घटनाक्रम की पुष्टि की है। हालांकि, शिकायतकर्ताओं ने किसी भी तरह की मारपीट या शारीरिक उत्पीड़न से इनकार किया है। मामले की जांच अभी जारी है और आरोपों पर अंतिम निर्णय होना बाकी है।

सीनियर छात्रों ने आरोपों से किया इनकार
मामले में जांच के दायरे में आए सीनियर विद्यार्थियों ने आरोपों को नकारा है। ऐसे में एंटी रैगिंग कमेटी दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय करेगी। कॉलेज प्रबंधन के अनुसार, मामले में नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस तक मामला पहुंचने की जानकारी नहीं है। जांच पूरी होने के बाद ही संबंधित विद्यार्थियों की भूमिका और संभावित कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।

ईमेल से मिली थी शिकायत
कॉलेज प्रबंधन को इस मामले में एंटी रैगिंग कमेटी की मेंबर सेक्रेटरी के माध्यम से ईमेल पर शिकायत मिली थी। इसके बाद सोमवार को कमेटी ने बैठक कर प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों से कक्षाओं में बातचीत की। मंगलवार को शिकायतकर्ता जूनियर छात्रों और संबंधित सीनियर विद्यार्थियों के बयान दर्ज किए गए। कॉलेज प्रशासन अब मामले की जांच के आधार पर नियमानुसार अगला कदम उठाएगा।
विज्ञापन

प्राचार्य ने कही नियमों के तहत कार्रवाई की बात
मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के प्राचार्य डॉ. रमेश भारती ने बताया कि एंटी रैगिंग कमेटी की मंगलवार को भी बैठक हुई। शिकायतकर्ता विद्यार्थियों और सीनियर छात्रों के बयान दर्ज किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जूनियर छात्रों ने सीनियर से मिलने पर 'डॉक्टर साहब' कहकर नमस्ते करने और नजरें झुकाकर बात करने के निर्देश दिए जाने की बात कही है। विद्यार्थियों को परिचय देने के लिए एक प्रारूप भी दिया गया था। मामले में नियमों के तहत जल्द कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें