जिला कारागार हमीरपुर में कैदी से मुलाकात करने पहुंचे एक व्यक्ति के जूतों से संदिग्ध नशीली गोलियां बरामद होने का मामला सामने आया है। व्यक्ति ने इन गोलियों को जूतों के अतिरिक्त तलवों में छिपा रखा था। जेल में तलाशी के दौरान इसका खुलासा हुआ। पुलिस ने कैदी और उससे मिलने आए व्यक्ति के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जूतों के अतिरिक्त तलवों में छिपाई थीं गोलियां
पुलिस के अनुसार घटना वीरवार शाम करीब 4:20 बजे की है। डूंगरी निवासी संजीव कुमार जिला कारागार हमीरपुर में बंदी विनय कुमार से मिलने पहुंचा था। वह बंदी के लिए कुछ सामान भी लेकर आया था। इस दौरान जेल में तैनात वार्डर बबलू कुमार ने नियमानुसार सामान और व्यक्ति के जूतों की जांच की। तलाशी के दौरान दोनों जूतों के अतिरिक्त तलवों में सफेद रंग की संदिग्ध गोलियां छिपाई हुई मिलीं। इसके बाद वार्डर ने तुरंत जेल प्रशासन को इसकी सूचना दी।