क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर से मुख्य चिकित्सा अधिकारी का कार्यालय शिफ्ट होगा। सीएमओ कार्यालय को हथली खड्ड स्थित प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के विश्रामगृह में शिफ्ट करने की तैयारी है। हमीरपुर में खुलने वाले मेडिकल कॉलेज के लिए जिला प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। इसी के साथ क्षेत्रीय अस्पताल में मेडिकल कॉलेज खोलने की कवायद तेज हो गई है।
जोलसप्पड़ में मेडिकल कॉलेज के लिए भूमि का चयन किया गया है, लेकिन इस भूमि पर केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय ने कई बिंदुओं पर आपत्ति दर्ज करवाई है। मंत्रालय ने आब्जेक्शन के बाद परिवार कल्याण एवं स्वास्थ्य विभाग को चिन्हित भूमि को कम करने के निर्देश दिए हैं, ताकि कम जल्द एनओसी मिल सके और आगे की प्रक्रिया शुरू हो पाए।
इससे पहले जिला प्रशासन ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल हमीरपुर में कक्षाएं शुरू करने का निर्णय लिया था, लेकिन स्कूल प्रबंधन समितियों के भारी विरोध के बाद इस निर्णय को बदलना पड़ा। अब क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर में ही मेडिकल कॉलेज चलाने की योजना है, लेकिन मेडिकल कॉलेज के लिए निर्धारित शर्तों से कम जगह का अड़ंगा पड़ रहा है। इस कारण सीएमओ कार्यालय को यहां से शिफ्ट करने का निर्णय लिया गया है।
साथ ही क्षेत्रीय अस्पताल में मरीजों की बिस्तरों की संख्या बढ़ाने के लिए भी निर्देश दिए गए हैं। उधर, उपायुक्त हमीरपुर मदन चौहान ने कहा कि सीएमओ कार्यालय को हमीरपुर अस्पताल से हथली खड्ड स्थित स्कूल शिक्षा बोर्ड के खाली भवन में शिफ्ट किया जाएगा। इसके अलावा जोलसप्पड़ में चिन्हित भूमि को कम करने के लिए कहा गया है।