गलोड़ (हमीरपुर)। एचआरटीसी हमीरपुर की बस जो सुबह छह बजे हमीरपुर से शिमला के लिए नॉन स्टॉप जाती है वह सोमवार को बिलासपुर में खराब हो गई। इसके चलते सवारियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। गलोड़ से एकमात्र बस जो सुबह पांच बजे गलोड़ से शिमला के लिए चलती है उस बस को इसी रूट के साथ जोड़ा गया है। बस में सफर कर रही सवारियों ने कहा कि एचआरटीसी को बसों में आए दिन परेशान होना पड़ रहा है।
निगम अधिकारियों को बस को लंबे रूट पर भेजने से पहले चेक करना चाहिए तभी बस को भेजना चाहिए ताकि गंतव्य तक पहुंचा जा सके। अन्यथा लंबे रूट की बसें रास्ते में हांफ जाती हैं। सुबह हमीरपुर से शिमला के लिए रवाना हुई बस महज डेढ़ घंटे के सफर के बाद बिलासपुर के निकट हांफ गई। वहीं, चंबा डिपो की चंबा-शिमला बस भी हमीरपुर में बीच सड़क में खराब हो गई। इसके चलते यात्रियों को अन्य बस से शिमला भेजा गया। डीडीएम विवेक लखनपाल ने कहा कि बस में तकनीकी खराबी आ गई थी। बस में सवार यात्रियों को निगम की दूसरी बस से शिमला भेज दिया गया।