उपमंडल बड़सर के तहत टिप्पर पंचायत के टिल्लू गांव में शाम 8 बजे के करीब कच्चा मकान ढह गया। हादसे में एक महिला और दो लड़कियां मलबे में दब गई। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने सभी को मलबे से बाहर निकाला। तीनों को हादसे में चोटें लगी है। घायलों के उपचार के लिए गांव में ही डॉक्टर को बुलाया गया। उपचार के बाद सबकी हालत स्थिर है।
जानकारी के मुताबिक टिल्लू गांव में 8:00 बजे के करीब अचानक विधवा महिला 52 वर्षीय भोली देवी का कच्चा मकान ढह गया। भोली देवी के साथ पड़ोसी की दो बेटियां भी इस मकान में सो रही थी। मकान के ढहने पर जोरदार आवाज हुई जिससे आसपास के लोग भी एकत्र हो गए। मलबे के अंदर से दबे हुए महिला और लड़कियों ने मदद के लिए शोर मचाया। ग्रामीणों ने तुरंत मलबे को हटाकर करीब आधे घंटे के भीतर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सूचना मिलते ही मौके पर संबंधित विभागों के कर्मचारी भी पहुंचे हैं।
पंचायत के उप प्रधान चतर सिंह ने कहा कि महिला और लड़कियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। डॉक्टर को बुलाकर घर पर ही सभी को उपचार भी दिया गया है। प्रशासन की ओर से कर्मचारी मौके पर पहुंचे थे और जरूरी मदद दी गई है। एडीसी हमीरपुर अभिषेक गर्ग ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही कर्मचारियों को मौके पर पहुंचे थे। सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया है।