नादौन (हमीरपुर)। ब्यास नदी किनारे वार्ड नंबर दो को जाने वाले संपर्क मार्ग पर हल्की सी बारिश भी लोगों के कदम डगमगा देती है। सड़क का एक बड़ा हिस्सा नदी में समा चुका है। वहीं, कहीं टारिंग गायब है, तो कहीं खस्ताहाल सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल है।
यह वही सड़क है, जो दो वर्ष पहले बरसात की भेंट चढ़ी थी। तब से लेकर अब तक दो मानसून गुजर चुके हैं, लेकिन हालात जस के तस हैं। शहर के क्षेत्र में दुर्गम पिछड़े क्षेत्र जैसे हालात बने हुए हैं। स्थानीय निवासी बताते हैं कि बारिश होने पर हालात ऐसे हो जाते हैं कि वाहन ले जाना तो दूर, पैदल चलना भी पहाड़ चढ़ने जैसा हो जाता है।
बुजुर्गों और बच्चों के लिए यह रास्ता खतरे से खाली नहीं है। सुबह-शाम सैर के लिए निकलने वाले वरिष्ठ नागरिक अब घरों में कैद होकर रह गए हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क का लंबा हिस्सा व्यास नदी में समा चुका है। कई जगहों पर किनारा इतना कमजोर है कि डर लगा रहता है कि कहीं पैर फिसल न जाए।
लोगों का कहना है कि अगर कोई बीमार हो जाए तो उसे अस्पताल पहुंचाना मुश्किल हो जाता है। वाहन घर तक नहीं आ पाते, कई बार मरीज को पैदल मुख्य मार्ग तक लाना पड़ता है। वार्ड नंबर दो और तीन के लिए एक अन्य रास्ता जरूर है, लेकिन वहां अकसर जाम की स्थिति रहती है।
ऐसे में समय की हर देरी भारी पड़ सकती है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले दो वर्षों में सड़क की पूरी तरह मरम्मत के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। हर बरसात के बाद नुकसान बढ़ता गया, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हुआ।
कोट्स :
नगर परिषद नादौन के तहत वार्ड नंबर दो और तीन के लिए यह सड़क बहुत ही महत्वपूर्ण है। विभाग की सुस्ती के कारण लोगों को दिक्कतों का सामन करना पड़ रहा है। पिछले दो वर्षों से सड़क की हालत को सुधारने के लिए कोई कदम नहीं उठाए गए हैं।
-सुनील ठाकुर, नादौन
वार्ड नंबर दो और तीन के लोगों को बारिश के बाद अपने घरों तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। अगर कोई बीमार हो जाए तो उसे अस्पताल पहुंचाना काफी मुश्किल होता है। लोक निर्माण विभाग को सड़क की मरम्मत के लिए शीघ्र कवायद शुरू करनी चाहिए।
-अशोक कुमार, नादौन
अगर कोई बीमार हो जाता है तो इसी रास्ते से मरीज को आसानी से अस्पताल पहुंचाया जा सकता है। हालांकि दूसरा रास्ता भी है, लेकिन वहां पर जाम की स्थिति रहती है। इससे मरीज की जान भी जोखिम में पड़ सकती हैं। विभाग जल्द सड़क की मरम्मत करवाए।
-सन्नी, नादौन
-
सड़क बरसात में दो बार अधिक क्षतिग्रस्त हो गई है। पहले भी यहां पर डंगा लगाया गया था, लेकिन वह ध्वस्त हो गया। अब इसकी हालत को सुधारने के लिए टेंडर अवार्ड कर दिया गया है। शीघ्र ही इस कार्य को पूरा कर लिया जाएगा, ताकि लोगों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
-राजेंद्र जुबलानी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, नादौन
सन्नी- फोटो : 1
सन्नी- फोटो : 1
सन्नी- फोटो : 1
सन्नी- फोटो : 1