दियोटसिद्ध (हमीरपुर)। बाबा बालक नाथ मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर न्यास अब विभिन्न प्रमुख स्थानों पर मार्गदर्शक सूचना बोर्ड लगाएगा। इस कार्य पर लगभग 10 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
हिमाचल प्रदेश के अलावा पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली सहित अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध पहुंचते हैं। अनजान मार्ग होने के कारण श्रद्धालुओं को अक्सर रास्ता पूछना पड़ता है, जिससे उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ता है।
मंदिर न्यास की इस पहल के तहत ऊना, कांगड़ा और बिलासपुर की ओर से आने वाले प्रमुख मार्गों सहित बड़सर-शाहतलाई, किरतपुर-मनाली फोरलेन (भगेड़ क्षेत्र) और शिमला-बिलासपुर मार्ग पर स्पष्ट दिशा-सूचक बोर्ड लगाए जाएंगे।
मंदिर प्रशासन का कहना है कि इन सूचना बोर्डों के लगने से श्रद्धालुओं को सही मार्ग की जानकारी आसानी से मिल सकेगी, जिससे उनकी यात्रा सुगम होगी और समय की भी बचत होगी। यह कदम श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कोट :
न्यास प्रशासन श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगातार कार्य कर रहा है। विभिन्न प्रमुख स्थानों पर सूचना बोर्ड स्थापित किए जाएंगे, जिससे बाबा बालकनाथ धाम दियोटसिद्ध आने वाले श्रद्धालुओं को रास्ते में किसी भी प्रकार की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ेगा और उन्हें बेहतर मार्गदर्शन प्राप्त होगा। -केशव कुमार, मंदिर अधिकारी, दियोटसिद्ध।