नादौन (हमीरपुर)। राज्य कर एवं आबकारी विभाग के उत्तरी क्षेत्र की जीएसटी विंग (मुख्यालय पालमपुर) की टीम ने बुधवार को नादौन बस अड्डा स्थित दो दुकानों में दबिश दी। टीम ने दुकानों में पहुंचकर कारोबार से संबंधित रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच की।
अचानक हुई इस कार्रवाई से बाजार में हलचल मच गई। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले जीएसटी विंग की टीम ने हमीरपुर में भी दो कारोबारियों के ठिकानों पर दबिश देकर रिकॉर्ड खंगाला था। अब नादौन में हुई कार्रवाई के बाद व्यापारियों में विभागीय जांच को लेकर चर्चा है।
हालांकि, बुधवार को की गई जांच में क्या अनियमितताएं सामने आईं, इस बारे में विभाग की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। वहीं, नादौन में दो दुकानों पर हुई विभागीय कार्रवाई को लेकर अधिवक्ता एवं भाजपा नेता वीरेंद्र शर्मा ने रोष जताया है।
वीरवार को पत्रकारवार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार भाजपा और हिंदू संगठनों से जुड़े दुकानदारों को निशाना बना रही है। उन्होंने कहा कि एक दुकान में करीब 30 हजार रुपये का स्टॉक था, जबकि दूसरी दुकान में भी कम सामान था।
उन्होंने कार्रवाई की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि त्योहार के दिन हुई इस कार्रवाई से दुकानदारों के कारोबार पर भी असर पड़ा है। इस दौरान भाजपा नेता सुनील शर्मा भी मौजूद रहे।