धनेटा (हमीरपुर)। मनरेगा कर्मचारियों के साथ एग्रीमेंट पर ग्राम रोजगार सेवक (जीआरएस) संघ ने कड़ा विरोध जताया है। संघ ने चेतावनी दी है कि अधिसूचना वापस नहीं ली गई तो कर्मचारी परिवार सहित सड़कों पर उतरेंगे।
प्रदेशाध्यक्ष मुनीष कुमार ने बताया कि ग्रामीण विकास विभाग ने एक अधिसूचना जारी की है, जिसके तहत मनरेगा के तहत कार्यरत कर्मचारी जैसे ग्राम रोज़गार सेवक, कंप्यूटर ऑपरेटर, तकनीकी सहायक और कनिष्ठ लेखापाल के साथ एग्रीमेंट किया जाना है। संघ ने इसे तुगलकी फरमान बताते हुए विरोध किया है।
मुनीष कुमार के अनुसार इस एग्रीमेंट की शर्त है कि यदि मनरेगा योजना बंद होती है तो समस्त कर्मचारियों को सेवा से बाहर कर दिया जाएगा। यह शर्त कर्मचारियों में भारी असुरक्षा पैदा कर रही है। संघ की मांग है कि विभाग इस अधिसूचना को तुरंत वापस ले और वर्षों से सेवा दे रहे ग्राम रोज़गार सेवकों को स्थायी नीति के तहत लाए। मुनीष कुमार ने चेतावनी दी है कि यदि अधिसूचना जल्द वापस नहीं ली गई, तो समस्त श्रेणी के कर्मचारियों को परिवार सहित सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।