हमीरपुर। त्योहारी सीजन में सोने के गहनों की खरीदारी को लेकर बाजार में रौनक बढ़ने लगी है। इस बार भारी आभूषणों के बजाय कम वजन और आकर्षक डिजाइन वाले लाइट वेट गहने ग्राहकों को खूब लुभा रहे हैं।
खासकर सिंगापुरी डिजाइन का ट्रेंड देखने को मिल रहा है। पौने चार ग्राम का रानी हार हो या चार ग्राम का जोकर सेट, ग्राहक अपने बजट के अनुसार शुद्ध सोने के गहनों के विकल्प तलाश रहे हैं। वहीं, नेपाली डिजाइन के हल्के आभूषणों की मांग भी बढ़ रही है।
सिंगापुरी डिजाइन के रानी हार पौने चार ग्राम से लेकर छह-सात ग्राम तक के वजन में उपलब्ध हैं। डिजाइन और वजन के अनुसार इनकी कीमत करीब एक लाख रुपये तक है। वहीं, जोकर सेट चार से आठ ग्राम तक के वजन में मिल रहे हैं, जिनकी कीमत 50 हजार से एक लाख रुपये तक है।
कम वजन और आकर्षक बनावट के चलते ये गहने ग्राहकों की पसंद बन रहे हैं। नेपाली डिजाइन के रानी हार भी कम बजट में सोने के आभूषण खरीदने वालों को आकर्षित कर रहे हैं। ये 400 मिलीग्राम से लेकर डेढ़ ग्राम तक के वजन में उपलब्ध हैं।
इनकी कीमत करीब 12 हजार से 26 हजार रुपये तक है। ज्वैलर्स के अनुसार, ये वन ग्राम ज्वेलरी नहीं, बल्कि शुद्ध सोने के आभूषण हैं। ग्राहक अब खरीदारी के दौरान वजन के साथ-साथ डिजाइन और उपयोगिता को भी महत्व दे रहे हैं। ऐसे हल्के गहनों को रोजाना पहनने के अलावा शादी-विवाह और अन्य विशेष अवसरों पर भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
कोट
त्योहारी सीजन में ग्राहक हल्के और आकर्षक डिजाइन वाले गहनों को पसंद कर रहे हैं। सिंगापुरी ज्वेलरी में कम वजन के बावजूद डिजाइन काफी आकर्षक हैं। ग्राहक अपने बजट के अनुसार रानी हार और जोकर सेट चुन रहे हैं।
-सुरेश हांडा, कश्मीरी ज्वेलर, मुख्य बाजार
नेपाली डिजाइन की लाइट वेट ज्वेलरी ग्राहकों को खूब पसंद आ रही है। कम वजन और किफायती कीमत इसकी खासियत है। खासकर ऐसे ग्राहक इन गहनों में रुचि दिखा रहे हैं, जो कम बजट में सोने का आभूषण खरीदना चाहते हैं।
-राकेश हांडा, कश्मीरी ज्वेलर, डांगक्वाली चौक
त्योहारी सीजन में हल्के गहनों की मांग में अच्छा रुझान है। ग्राहक अब वजन के साथ डिजाइन और उपयोगिता पर भी ध्यान दे रहे हैं। अलग-अलग बजट के ग्राहक खरीदारी कर पा रहे हैं।
-प्रदीप कुमार, रोशन ज्वेलर, मुख्य बाजार
सुरेश हांडा, कश्मीरी ज्वैलर्स, मुख्य बाजार
सुरेश हांडा, कश्मीरी ज्वैलर्स, मुख्य बाजार
सुरेश हांडा, कश्मीरी ज्वैलर्स, मुख्य बाजार