बड़सर के कांवड़ यात्रियों का जत्था जोकि रविवार सुबह बड़सर के लिए वापस रवाना हुआ। संस्था।
दो अगस्त को बड़सर पहुंचेंगे यात्री, तीन को विभिन्न देवालयों में होंगे भंडारे
संवाद न्यूज एजेंसी
बिझड़ी (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के विभिन्न गांवों से कांवड़ियों का जत्था हरिद्वार से बड़सर के लिए रवाना हो गया है। यह जत्था हर वर्ष कांवड़ यात्रा कर बड़सर क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों का जलाभिषेक करता है। गुरु पूर्णिमा के पर्व पर कांवड़ यात्री पवित्र गंगाजल भरकर बड़सर के लिए रवाना हो गए हैं। सनातन सेवा समिति बड़सर के अध्यक्ष और शिव सेवा कांवड़ संघ हमीरपुर के संयोजक वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि बड़सर क्षेत्र में करेर गांव से वर्ष 1999 से कांवड यात्रा की शुरुआत की गई थी जो लगातार चली आ रही है। पहली यात्रा में मुलख राज, परमानंद पृथ्वी चंद, प्रीतम चंद, जगदीश, राम कुमार इत्यादि सदस्यों की अगुवाई में पहला जत्था हरिद्वार गया था। इस समय क्षेत्र के विभिन्न गांवों से काफी संख्या में कांवड़िये इस महायात्रा में भाग लेते हैं। बड़सर उपमंडल से गए कांवड़ियों का जत्था रविवार सुबह हरिद्वार से रवाना हुआ है। यह जत्था दो अगस्त को मैहरे पहुंचेगा और उसके बाद अपने-अपने गांव के शिवालयों में भोले नाथ का जलाभिषेक करेंगे। 3 अगस्त को भंडारों का आयोजन किया जाएगा।