टिपरों से गिरती रहती है पुल के एक छोर पर रेत-बजरी
बजरी पर दोपहिया वाहन हो रहे स्किड, हो रहे हादसे
साथ में ब्यास नदी होने के कारण दिनभर दौड़ते रहते हैं टिप्पर
संवाद न्यूज एजेंसी
कांगू/नादौन(हमीरपुर)। ब्यास पुल नादौन के एक छोर पर अंधाधुंध चलने वाले टिपरों से बजरी और पत्थरों के टुकड़े गिरने के कारण इस स्थल पर कोई भी बड़ी दुर्घटना का अंदेशा बना हुआ है। इसी स्थल पर लगभग दो माह पहले दो लोगों की जान भी जा चुकी है। ब्यास पुल से होकर टिपर, ट्राली, ट्रैक्टर आदि रेत, बजरी, पत्थरों सहित घर बनाने वाली सामग्री को ढोने का काम करते हैं। लेकिन चालक सड़क पर वाहन इतना तेज दौड़ते हैं कि उनके ऊपर रखी सामग्री भी सड़क पर गिरती है। इसी वजह से दोपहिया वाहन चालक इस स्थल पर गिरकर घायल होते हैं। टिपर चालकों की लापरवाही का खामियाजा अन्य लोगों को भुगतना पड़ता है। लोगों विवेक, कुसुम, संतोष आदि ने कहा कि तेज गति के होने के कारण वाहनों में लदी सामग्री पुल के एक छोर पर एक बड़ा गड्ढा होने के कारण गिरती रहती है। उन्होंने कहा कि एनएचआई विभाग को चाहिए कि ब्यास पुल के एक छोर की स्थायी रूप से मरम्मत की जाए ताकि वहां से कोई भी वाहन आसानी से निकल सके। वहीं, थाना प्रभारी नादौन बीआर शर्मा ने कहा कि पुलिस प्रशासन लापरवाही से वाहनों को चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करती आई है परंतु फिर भी किसी स्थान पर परेशानी है तो उसका हल कर लिया जाएगा।