हिम-आंचल पेंशनर्स संघ ने बैठक में पेंशनरों के मुद्दों और समस्याओं पर चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। हिम-आंचल पेंशनर्स संघ की जिला इकाई ने सरकार से पेंशनरों की लंबित आर्थिक देनदारियों और चिकित्सा बिलों का शीघ्र भुगतान करने की मांग उठाई है। पेंशनर भवन हमीरपुर में जिला प्रधान देव राज पटियाल की अध्यक्षता में आयोजित मासिक बैठक में पेंशनरों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक में सरकार की ओर से पांच फीसदी महंगाई राहत की किस्त जारी करने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया। साथ ही अन्य लंबित देनदारियों का भुगतान जल्द करने का आग्रह किया। प्रदेशाध्यक्ष केसी गौतम ने पेंशनरों से अपने जीवित प्रमाण पत्र जल्द कोषागार कार्यालय में जमा करवाने की अपील की। उन्होंने कहा कि 24 अक्तूबर को सचिवालय में निदेशक कोषागार एवं विशेष वित्त सचिव के साथ हुई बैठक में लंबित चिकित्सा बिलों और अन्य वित्तीय देनदारियों का मामला उठाया था।
इस दौरान चिकित्सा बिलों के भुगतान के लिए जल्द बजट जारी करने का आश्वासन मिला है। उन्होंने कहा कि जीवित प्रमाण पत्र जमा करवाने में किसी पेंशनर को परेशानी आ रही है तो वह संघ पदाधिकारियों को इसकी जानकारी दे, ताकि समस्या का समाधान करवाया जा सके। बैठक में संघ की सदस्यता बढ़ाने और संगठन को मजबूत करने का भी आह्वान किया। इस अवसर पर मुख्य संरक्षक योगराज शर्मा, वित्त सचिव शंभू राम जसवाल, मुख्य संगठन सचिव पुरुषोत्तम दास शर्मा, वरिष्ठ उपप्रधान रंजीत सिंह ठाकुर, जगदीश चंद शर्मा, राज कुमार पटियाल, राज कुमार चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।