नादौन में बिजली बोर्ड पेेंशन फोरम की बैठक में उपस्थित पेंशनर। स्रोत : संघ
बिजली बोर्ड पेंशनर फोरम इकाई नादौन की बैठक में उठाए मुद्दे
महंगाई भत्ते की किस्तों का भुगतान केंद्र सरकार के पैटर्न पर जारी करने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
नादौन (हमीरपुर)। बिजली बोर्ड पेंशनर फोरम इकाई नादौन की बैठक वीरवार को इकाई अध्यक्ष राज कुमार चौधरी की अध्यक्षता में हुई। इसमें फोरम के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष कुलदीप सिंह खरवाड़ा, इकाई सचिव विधि चंद, कोषाध्यक्ष पृथ्वी चंद सहित काफी संख्या में पेंशनर मौजूद रहे। फोरम के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष कुलदीप सिंह खरवाड़ा ने कहा कि गत माह जनवरी 2025 तक पेंशनरों की वित्तीय लाभों से संबंधित ड्राइंग लिमिट बोर्ड प्रबंधन ने जारी कर दी हैं। वर्ष 2022 के बाद सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों की ग्रेच्युटी और लीव-इनकैशमेंट की अदायगी दिसंबर 2024 तक अदा की है जिससे निश्चित तौर पर काफी पेंशनर्स को राहत मिली है लेकिन अभी तक भी पिछले दो वर्ष से सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों की लीव-इनकैशमेंट और ग्रेच्युटी के साथ-साथ अन्य वित्तीय लाभ लंबित हैं।
उन्होंने इन्हें समय पर अदा करने की मांग की है। खरवाड़ा ने प्रदेश सरकार से एक जनवरी 2016 के बाद सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों की बकाया राशि को अदा करने सहित सभी पेंशनरों और कर्मचारियों को लंबित महंगाई भत्ते की किस्तों का भुगतान केंद्र सरकार के पैटर्न पर जारी करने की मांग की है। खरवाड़ा ने बिजली बोर्ड में आउटसोर्स और ठेका आधार पर की जा रही बिजली मित्रों की भर्ती करने के बजाय सभी रिक्त पदों को बोर्ड के माध्यम से स्थायी भर्ती करने की मांग की है। बिजली उपकेंद्रों का संचालन ठेकेदारों के माध्यम से करने के बजाय स्थायी भर्ती करके बोर्ड के माध्यम से संचालित करवाने की भी मांग की।