हमीरपुर। जिला स्वतंत्रता सैनानी और उत्तराधिकारी कल्याण संघ ने सरकार से स्वंतत्रता सैनानी कल्याण बोर्ड के गठन की मांग की है। इस बारे में त्रैमासिक बैठक जिला प्रधान नरेश शर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पुरुषोत्तम कालिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। बैठक में विभिन्न प्रस्ताव पारित कर सरकार से संघ की मांगों को पूरा करने की गुहार लगाई। इस मौके पर स्वतंत्रता सैनानियों के आश्रितों की शादी पर मिलने वाली राशि को शीघ्र जारी करने, आश्रितों को मिलने वाला महज दो फीसदी आरक्षण अगली दो पीढ़ियों तक बढ़ाया जाए।
धर्मशाला के दाड़ी में प्रस्तावित शहीदी स्मारक का कार्य शुरू नहीं हो पाया है। इस कार्य को जल्द से जल्द शुरू किया जाए। स्वतंत्रता सैनानियों को राजस्व रिकॉर्ड में शामिल किया जाए। उत्तराखंड सरकार की तर्ज पर स्वतंत्रता सैनानियों के परिवारों को कुटुंब पेंशन जारी की जाए। स्वतंत्रता सैनानियों को सांसद का दर्जा तो दिया गया है लेकिन न उन्हें और न ही उनके आश्रितों को सांसद की तरह सुविधाएं दी गई हैं। राष्ट्रीय दिवसों पर कम से कम दस परिवारों को सम्मानित किया जाए। स्वतंत्रता सैनानियों की जीवनियों पर पुस्तक प्रकाशित की जाए। बैठक में राय सिंह ठाकुर, अशोक कंवर, सुरजीत सिंह, श्रेष्ठा देवी, अतो देवी, राजीव कुमार, आशीष कुमार और रोहित शर्मा मौजूद रहे।