हमीरपुर। ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को अब प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा। जिलेभर के सरकारी स्कूलों के पुस्तकालय अब दोपहर तीन बजे के बजाय शाम पांच बजे तक खुले रहेंगे।
युवाओं की सुविधा के लिए शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रमुखों को पुस्तकालयों के संचालन के लिए क्रमवार शिक्षकों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए हैं। इससे युवाओं को गांवों में ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अतिरिक्त समय मिल सकेगा।
शैक्षणिक सत्र 2025-26 में शिक्षा विभाग ने जिलेभर के सरकारी स्कूलों में स्थापित पुस्तकालयों को सार्वजनिक किया था, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को मुख्यालय के बजाय गांवों में ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने की सुविधा मिल सके।
वर्तमान में जिले के अधिकांश सरकारी स्कूलों में लाइब्रेरियन के पद रिक्त हैं। इस कारण पुस्तकालय स्कूल समय के साथ ही दोपहर तीन बजे बंद हो जाते हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को पुस्तकालयों की सुविधा का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा था।
युवा लंबे समय से शिक्षा विभाग से इस समस्या का समाधान करने और पुस्तकालयों में शिक्षकों या पंचायत के माध्यम से किसी कर्मचारी की ड्यूटी लगाने की मांग कर रहे थे।
युवाओं की मांग पर विभाग ने स्कूल प्रभारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। अब शिक्षकों की ड्यूटी निर्धारित होने से युवा सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक पुस्तकालयों में बैठकर पढ़ाई कर सकेंगे। साथ ही स्कूलों में उपलब्ध पुस्तकों और अध्ययन सामग्री का उपयोग कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर पाएंगे।
कोट
स्कूल प्रमुखों को लाइब्रेरियन न होने पर पुस्तकालयों में क्रमवार शिक्षकों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए हैं, ताकि युवाओं को स्कूल स्तर पर शाम पांच बजे तक पढ़ाई में किसी भी तरह की परेशानी न हो।
-देशराज डोगरा, उपनिदेशक, उच्च शिक्षा विभाग हमीरपुर