हमीरपुर। गांधी चौक पर सरकारी बस का अचानक टायर फट गया। घटना के समय बस में करीब 20-25 यात्री सवार थे। गनीमत रही कि किसी को जानी नुकसान नहीं हुआ और सभी यात्री सुरक्षित हैं।
विज्ञापन
बस कक्कड़ से हमीरपुर आ रही थी। जैसे ही बस गांधी चौक के पास पहुंची, तब अगला टायर फट गया। धमाके की आवाज सुनकर बस में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि चालक ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए बस को नियंत्रित कर सुरक्षित किनारे पर रोक दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना के कारण कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ और जाम लग गया। स्थानीय लोगों और यातायात पुलिस की मदद से स्थिति जल्द सामान्य हुई। इसके बाद यात्री पैदल ही अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।
विज्ञापन
वहीं, हिमाचल पथ परिवहन निगम, हमीरपुर डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक राहुल कुमार ने बताया कि टायर फटने के कारण स्पष्ट नहीं हैं और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि सभी यात्री सुरक्षित हैं।