हमीरपुर। ताल से पनियाला जा रही एचआरटीसी की बस शनिवार सुबह तकनीकी खराबी के कारण बीच रास्ते में रुक गई। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बस सुबह करीब 7:30 बजे ताल से रवाना हुई थी।
कुठेड़ा के समीप पहुंचने पर प्रेशर सिस्टम में खराबी आने से बस आगे नहीं बढ़ सकी। यात्रियों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। उनका कहना है कि एचआरटीसी की बसें आए दिन बीच रास्ते में खराब हो जाती हैं, लेकिन निगम प्रबंधन समय पर मरम्मत और रखरखाव पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रहा।
यात्रियों ने एचआरटीसी प्रबंधन से बसों की नियमित जांच और मरम्मत सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।वहीं, एचआरटीसी मंडल हमीरपुर के डीएम राज कुमार पाठक ने बताया कि मेकेनिक को मौके पर भेज दिया गया है और बस की जल्द मरम्मत कर दी जाएगी। संवाद