खज्जियां गांव में हुई चोरी की जांच करने पहुंची पुलिस। (स्रोत : संवाद )
बड़सर/बिझड़ी(हमीरपुर)। उपमंडल के खज्जियां गांव में दिनदहाड़े चोरी का मामला सामने आया है। शातिर यहां एक घर से सोने की चेन, कड़े, अंगूठियां और अन्य आभूषणों पर हाथ साफ कर गए हैं। हालांकि, चोरी हुए सामान की असल कीमत का पता तो नहीं चल पाया है लेकिन इसकी अनुमानित कीमत पांच लाख रुपये के आसपास बताई जा रही है। खज्जियां के रहने वाले सुरेश कुमार वर्तमान में मैहरे में इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान करते हैं। उनकी पड़ोसी शकुंतला देवी स्थानीय स्कूल में कार्यरत है। वह किसी काम से वीरवार दोपहर को अपने घर पहुंची तो देखा कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है। जब उसने अपने घर के भीतर जाकर जांच की तो सबकुछ सलामत पाया। इसके बाद वह अपने घर से बाहर निकली तो देखा कि उनके पड़ोसी के घर का ताला भी टूटा हुआ है। इस पर उन्होंने तुरंत घर के मालिक को सूचित किया। दूरभाष के माध्यम से जैसे ही चोरी की सूचना मिली तो सुरेश कुमार का बेटा और पत्नी स्कूटी पर घर के लिए निकले लेकिन रास्ते में स्कूटी स्किड होने से महिला को काफी चोटें आई हैं। किसी तरह वह घर पहुंचे तो गेट का ताला टूटा हुआ था और अंदर सारा सामान बिखरा हुआ था। बेड पर गहनों की खाली डिब्बियां पड़ी थीं और सारे गहने गायब थे। घर के भीतर सारा सामान इधर-उधर बिखरा हुआ है। गहने और नकदी मौके से चोरी हो चुकी थी। इसकी शिकायत पीड़ित परिवार ने तुरंत पुलिस को दी। सुरेश कुमार का कहना है कि उनका घर बिल्कुल सड़क किनारे है और दिन के समय ताला तोड़कर चोरी करना अपने आप में एक बेहद चिंता का विषय है। अगर चोरों केेेेे हौसले दिन में ही बुलंद हैं तो रात में किस पर भरोसा किया जाए। अज्ञात चोरों के विरुद्ध मामला दर्ज कर आगामी छानबीन जारी है। थाना प्रभारी बड़सर प्रवीण राणा का कहना है कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों के बयान दर्ज किए हैं। वहीं, छानबीन जारी है और जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।