भोरंज (हमीरपुर)। कल्याण अधिकारी भोरंज बलदेव चंदेल ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग से सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त कर रहे पेंशनधारकों को अपने बैंक खाते या डाकघर खाते को आधार कार्ड से लिंक करवाने की अपील की है। विभाग की ओर से राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन, राष्ट्रीय विधवा पेंशन और राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन दी जा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि को नियमित रूप से पेंशनरों के खातों में भेजने के लिए बैंक या डाकघर खाते की आधार सीडिंग अनिवार्य कर दी है। उन्होंने कहा कि अब पेंशन का भुगतान आधार पेमेंट ब्रिज सिस्टम के माध्यम से ही किया जाएगा।