शिक्षकों को स्कूल स्तर पर पढ़ाई को रोचक बनाने के दिए टिप्स
एक शिक्षा खंड से एक अंग्रेेजी, एक गणित टीजीटी और एक जेबीटी शिक्षक को चुना
बाल स्कूल में ब्लॉक हमीरपुर की खंडस्तरीय कार्यशाला में दिया प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिले के सरकारी स्कूलों में अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई कराने के लिए मंगलवार को छह शिक्षा खंडों में प्रशिक्षण कार्यशालाएं शुरू हुईं। राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर में खंड स्तरीय कार्यशाला शुरू हुई। इसके शुभारंभ पर प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक अशोक कुमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने शिक्षकों को स्कूल में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के टिप्स दिए। कार्यशाला की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी हमीरपुर सुरेंद्र शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि कार्यशाला का आयोजन प्रत्येक ब्लॉक पर किया जा रहा है। कार्यशाला में शिक्षकों को विद्यार्थियों को अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई करवाने के लिए तीन-तीन शिक्षक बतौर संसाधन व्यक्ति प्रशिक्षण दे रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को स्कूल स्तर पर विद्यार्थियों को अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई में आने वाली समस्याओं के बारे में जानकारी दी जा रही है ताकि विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों को भी बच्चों को पढ़ाने में कोई परेशानी न हो। एक शिक्षा खंड से एक अंग्रेेजी, एक गणित टीजीटी और एक जेबीटी शिक्षक को चुना गया है। इस अवसर पर डिप्टी डीओ प्रदीप शर्मा, जिला विज्ञान पर्यवेक्षक राजेश गौतम, नरेश शर्मा, सपना देवी, नीलम सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।