आयुष विभाग की ओर से आयोजित चिकित्सा शिविर के उपरांत प्रशिक्षु चिकित्सक। स्रोत: संस्थान
रंगस/हमीरपुर। जिला आयुष चिकित्सालय हमीरपुर में दो दिवसीय पंचकर्म चिकित्सा प्रशिक्षण शिविर शुरू हुआ। प्रशिक्षण शिविर का आयोजन आयुष विभाग के निदेशक डॉ. निपुण जिंदल के दिशा निर्देश पर किया गया। शिविर के प्रथम दिन आयुष विभाग के 20 आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारियों को पंचकर्म चिकित्सा में पारंगत करने का प्रशिक्षण दिया गया। जिला आयुष अधिकारी डॉ. बृजनंदन शर्मा ने कहा कि शिविर के बाद आयुर्वेद स्वास्थ्य केंद्रों में बेहतर प्रकार से रोगियों को सेवा प्रदान की जाएगी। इसी कड़ी का अगला प्रशिक्षण शिविर चार और पांच दिसंबर को होगा और इसमें जिला से लगभग 55 आयुर्वेद चिकित्सक भाग लेंगे। पपरोला आयुर्वेद चिकित्सालय के विशेषज्ञ चिकित्सक जिला के चिकित्सकों को प्रशिक्षित करेंगे।