नगर निगम हमीरपुर के तहत गारबेज शुल्क की एक साथ ली गई राशि की रसीद। जागरूक पाठक
नगर निगम के तहत भवन मालिकों ने जताई नाराजगी
हर माह शुल्क वसूलने के लिए व्यवस्था बनाने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। नगर निगम हमीरपुर के तहत कभी दो तो कभी चार माह बाद कूड़े का एक साथ शुल्क वसूला जा रहा है। इससे लोगों में रोष है।
नगर निगम के तहत घरों और व्यावसायिक संस्थानों से कूड़ा उठाने के लिए प्रति माह 60 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। शहर में यह शुल्क दो से चार माह बाद एक साथ वूसल किया जा रहा है जो 120 से 240 रुपये बन रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि नगर निगम के कर्मचारी कई बार लगातार कई महीनों तक शुल्क लेने नहीं आते और बाद में एक साथ चार माह का शुल्क वसूल कर लेते हैं। लोगों को इकट्ठा शुल्क का भुगतान करना पड़ता है, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ जाता है। लोगों का कहना है कि यदि शुल्क हर माह नियमित रूप से लिया जाए तो भुगतान करना आसान रहेगा। स्थानीय निवासी गोपाल सिंह, राजेश कुमार, विपिन कुमार, यशपाल, दिनेश कुमार आदि का कहना है कि शुल्क वसूली की कोई निश्चित समयसारिणी नहीं होने के कारण उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ता है। लोगों ने नगर निगम के अधिकारियों से मांग की है कि कूड़ा शुल्क की वसूली प्रत्येक माह नियमित रूप से की जाए। इसके लिए एक व्यवस्था बनाई जाए।
समस्या के समाधान के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। शीघ्र इस समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। -राम प्रसाद शर्मा, अतिरिक्त आयुक्त नगर निगम हमीरपुर