गलोड़ (नादौन)। पुलिस चौकी गलोड़ के तहत गांव नलवीं के एक पूर्व सैनिक को शातिरों ने फर्जी कॉल कर एक माह के भीतर ही 44 हजार रुपये की चपत लगा दी। शातिरों ने तीन ट्रांजेक्शन में यह राशि निकाली है। पीड़ित पूर्व सैनिक सुदेश कुमार ने कहा कि उसे फर्जी कॉल कर उसके एटीएम की जानकारी किसी ने ले ली और पहले 30 सितंबर को उसके पीएनबी के खाते से 22 हजार रुपये निकाल लिए।
सुदेश कुमार ने पीएनबी शाखा गलोड़ में जाकर उस एटीएम को ब्लॉक करवा दिया लेकिन, 27 अक्तूबर को जैसे ही आर्मी पेंशन खाते में पड़ी तो उसी दिन दो ट्रांजेक्शन से 10 हजार और 11 हजार 900 रुपये दोबारा निकाल लिए।
इस बार उसने किसी से भी अपनी बैंक या एटीएम डिटेल साझा नहीं की थी। इसकी शिकायत पुलिस चौकी गलोड़ में कर दी गई है। सुदेश कुमार ने पीएनबी शाखा गलोड़ में प्रबंधक के पास एफआईआर और शिकयत पत्र देकर खाते से निकाली गई रकम को रिकवर करने की मांग की है। उधर, पुलिस चौकी गलोड़ प्रभारी राजेंद्र कुमार ने कहा कि मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है। राजेंद्र कुमार ने लोगों को सावधान करते हुए कहा है कि ऐसी फोन कॉल से बचें और अपने खाते या एटीएम की जानकारी न दें।