हमीरपुर। बाल आश्रम सुजानपुर के दो बच्चे आईटीआई के लिए चयनित हुए हैं। अरुण कुमार का चयन आईटीआई चंबा और नितेश का चयन आईटीआई कांगड़ा के लिए हुआ है। आफ्टर केयर योजना के तहत इन दो छात्रों की पढ़ाई का खर्च सरकार वहन करेगी। बाल आश्रम सुजानपुर में वर्तमान में 14 बच्चे रह रहे हैं और इन सभी बच्चों की पढ़ाई सही ढंग से हो, इसके लिए आश्रम में भी प्रशिक्षक रखा गया है। वहीं, बाल संरक्षण विभाग भी बच्चों की पढ़ाई की रिपोर्ट देने के लिए स्कूल और आश्रम में जाकर बच्चों की रिपोर्ट लेता है ताकि, सभी की पढ़ाई की वास्तविक स्थिति का पता लग सके।
वहीं, बच्चों की सही ढंग से देखभाल के लिए सुजानपुर बाल आश्रम में कुल 13 कर्मचारी तैनात हैं जो बच्चों को खाना, परिसर में सफाई व अन्य कार्य करते हैं। इस आश्रम में 6 से 18 साल के बच्चे रहते हैं। बाल संरक्षण अधिकारी तिलक राज आचार्य ने कहा कि आश्रम के दो बच्चे आईटीआई के लिए चयनित हुए हैं। आफ्टर केयर योजना के तहत इन बच्चों की पढ़ाई पूरी करवाई जाएगी ताकि, ये आत्मनिर्भर बन सकें।