हमीरपुर। जिले के नेरी क्षेत्र के व्यक्ति से निजी बैंक में एफडी के नाम पर धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने इस सिलसिले में पुलिस थाना हमीरपुर में शिकायत दर्ज करवाई है। मामला दर्ज करने के बाद अब तमाम जानकारी पुलिस पीड़ित से जुटाएगी। शिकायतकर्ता ने कहा कि एफडी के नाम पर उसके साथ एक लाख 40 हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई है।
एफडी मैच्योर होने के बाद जब उसने पैसा लेना चाहा तो उसे पैसा नहीं मिल पाया। संबंधित बैंक की तरफ से रुपये देने के संदर्भ में टालमटोल किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर डाॅ. आकृति शर्मा का कहना है कि पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है। उन्होंने लोगों से भी आग्रह किया है कि धोखाधड़ी से बचें। सतर्कता बरतकर ही धोखाधड़ी का शिकार होने से बचा जा सकता है।