बरसात में पानी के बहाव के कारण 15 गांवों का कट जाता है उपमंडल से संपर्क
संवाद न्यूज एजेंसी
भोरंज (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के बस्सी से अवाहदेवी सड़क पर चंबोह के पास पिछले चार साल से पुल का निर्माण कार्य चल रहा है लेकिन आज तक मुकम्मल नहीं हो पाया है। पुल का कार्य कछुआ चाल से किया जा रहा है। दो करोड़ की लागत से बन रहे इस पुल का निर्माण कार्य पूरा होने से क्षेत्र के करीब 15 गांवों को फायदा होगा। इन गांवों में चंबोह, चोहाग, भुडराण, जोह, बजडोह, गडोला, वधानी, निहार, दलालड, जिजवीं आदि शामिल हैं। बरसात के मौसम में पुल न होने के चलते इन गांवों के बाशिंदे उपमंडल भोरंज से कट जाते हैं। खड्ड में पानी का बहाव तेज होने के चलते पूरा क्षेत्र कट जाता है। ग्रामीणों ने मांग की है कि अब बहुत समय हो गया है। विभाग जल्द से जल्द पुल का निर्माण कार्य करवाए। पुल बनने से बरसात के दिनों में पेश आने वाली समस्या का भी समाधान होगा। इस बारे में लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता नितीश भारद्वाज ने कहा कि कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है और अप्रोच वॉल का कार्य शेष है। इसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा।