हमीरपुर बस अड्डा पर बसों का इंतजार करते यात्री। स्रोत : संवाद
हमीरपुर। दीपावली और भैया दूज जैसे बड़े त्योहारों के बाद अब लोग अपने कार्यस्थलों पर लौटने लगे हैं। इसी क्रम में रविवार के बाद सोमवार को भी भारी संख्या में लोग अपने गंतव्यों की ओर रवाना हुए। यात्रियों की सुविधा के लिए हमीरपुर और नादौन में हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) प्रबंधन ने चंडीगढ़, दिल्ली, और शिमला के लिए चार विशेष बसें चलाई गईं।
सोमवार को हमीरपुर बस अड्डे पर लोगों की भीड़ सुबह से ही नजर आने लगी। कई यात्री विभिन्न स्थानों के लिए बसों के इंतजार में खड़े दिखे। यात्रियों की संख्या में वृद्धि को ध्यान में रखते हुए एचआरटीसी हमीरपुर डिपो ने अतिरिक्त बसें उपलब्ध करवाईं, ताकि किसी को असुविधा न हो। सोमवार को शाम पांच बजे तक नादौन से दिल्ली के लिए एक विशेष बस चलाई गई, जबकि हमीरपुर से चंडीगढ़ और शिमला के लिए भी विशेष बसें संचालित की गईं। इसके अलावा हमीरपुर से दिल्ली के लिए एक वोल्वो बस भी भेजी गई।
एचआरटीसी हमीरपुर डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) राजकुमार पाठक ने बताया कि यात्रियों की भारी मांग को देखते हुए विभिन्न स्थानों के लिए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जा रही है। यात्रियों को सुविधाजनक यात्रा का अनुभव दिलाने के उद्देश्य से हम अधिक बसों का प्रबंधन कर रहे हैं। जरूरत पड़ने पर अन्य विशेष बसों की भी व्यवस्था की जाएगी।
त्योहारी सीजन में अधिकतर लोग अपने घर आए थे और अब काम पर वापसी के लिए बसों की आवश्यकता बढ़ गई है। कई यात्री रविवार को लौट गए, लेकिन भारी भीड़ से बचने के लिए कुछ लोग सोमवार को भी अपने कार्यस्थलों की ओर रवाना हुए। हमीरपुर बस अड्डे पर यात्री अपने गंतव्यों के लिए बसों की समय सारिणी के बारे में जानकारी लेते नजर आए। आरएम राजकुमार पाठक ने यह भी बताया कि एचआरटीसी यात्रियों को अधिकतम सुविधा देने के लिए प्रतिबद्ध है और यात्रियों की मांग के अनुसार बसों की संख्या में वृद्धि की जा रही है।
हमीरपुर बस अड्डा पर बसों का इंतजार करते यात्री। स्रोत : संवाद
हमीरपुर बस अड्डा पर बसों का इंतजार करते यात्री। स्रोत : संवाद