गलोड़ (हमीरपुर)। उपमंडल नादौन के अंतर्गत गलोड़ कस्बे में पिछले एक हफ्ते के भीतर चार लोग साइबर ठगी का शिकार हुए हैं। करीब चार लाख रुपये के करीब राशि इन लोगों ने महज एक फोन कॉल के माध्यम से लुटा दी है। ठगी के बाद इन लोगों ने गलोड़ पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी है। पुलिस ने सभी मामले साइबर क्राइम शाखा को कार्रवाई के लिए भेज दिए हैं।
गलोड़ क्षेत्र के कश्मीर पंचायत के पूर्व सैनिक को 40,000 रुपये का चूना लगा है। उन्होंने अपने बैंक से संबंधित डाटा शातिरों को फोन कॉल पर दे दिया है। शातिरों ने पूर्व सैनिक को बताया कि आपका बैंक खाता बंद हो गया है और उसे खोलने के लिए आपको पासवर्ड भेजा जा रहा है। आप उसे बता दें। दूसरे मामले में लहड़ा गांव के एक व्यक्ति को ठगों ने झांसे में लेकर उसके खाते से 2,00000 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। तीसरे मामले में लांजियाना के एक बुजुर्ग से एक लाख रुपये की ठगी की गई। चौथे मामले में वंडौस की एक लड़की को भी साइबर अपराधियों ने लगभग 50,000 रुपयों का चूना लगाया है। गलोड़ पुलिस ने मामले सामने आने के बाद साइबर अपराध शाखा को भेज दिए हैं। उधर, जिला पुलिस अधिकारी आकृति शर्मा ने बताया कि कोई भी बैंक आपसे फोन पर आपके बैंक से संबंधित जानकारियां नहीं मांगता है। अनजान फोन कॉल पर लोग किसी भी व्यक्ति को अपनी निजी जानकारियां साझा न करें। ऑनलाइन ठगी के ऐसे कई मामले सामने आ रहे हैं। पुलिस और साइबर ब्रांच इन मामलों की छानबीन कर रही है।
सभी मामलों में ठगी के शिकार लोगों को पुलिस लगातार मदद करने में लगी है। जैसे-जैसे तकनीक बढ़ रही है शातिर अपराधी नए-नए तरीकों से लोगों को फोन कॉल के माध्यम से ठगी का शिकार बना रहे हैं।
बैंक अधिकारियों और पुलिस के लगातार जागरूक करने के बावजूद भी लोग ऑनलाइन ठगी का शिकार हो रहे हैं।