हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर के चार पार्कों का जीर्णोद्धार कार्य शुरू होगा। पार्कों के जीर्णोंद्धार पर नगर परिषद 20 लाख रुपये खर्च करेगी।
इन पार्कों में बच्चों के लिए झूले और एक पार्क में ओपन एयर जिम भी स्थापित किया जाएगा। इसके लिए नगर परिषद हमीरपुर ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। जल्द ही चार वार्डों में सुंदर पार्क विकसित किए जाएंगे। इनमें से एक पार्क में ओपन जिम भी स्थापित किया जाएगा।
शहर में पार्कों की मरम्मत की मांग लंबे समय से चली आ रही थी। वार्ड के लोगों और बच्चों की सुविधा के लिए नगर परिषद ने वार्डों में पार्क बनाने का कवायद शुरू कर दी है। वहीं, इन पार्कों में चिन्हित स्थानों पर बच्चों के लिए झूले भी लगाए जाएंगे। इससे बच्चों को पार्कों में खेलने और बुजुर्ग लोगों को व्यायाम करने के लिए सुविधा मिलेगी। पिछले कई वर्षों से बच्चों को खेलने और शहर के लोगों को घूमने के लिए परेशान होना पड़ रहा था, लेकिन अब नगर परिषद लोगों की मांग पर वार्डों में पार्क और ओपन जिम जल्द स्थापित करने जा रही है। इससे अब बच्चों को पार्कों में खेलने, बुजुर्गों को सैर करने और युवाओं को कसरत करने के लिए सुविधा मिलेगी।
कोट
नगर परिषद हमीरपुर के अध्यक्ष मनोज मिन्हास ने कहा कि 20 लाख रुपये के बजट से नगर परिषद के चार स्थानों पर पार्क स्थापित किए जाएंगे। वार्ड नंबर 11, सात, आठ में चिन्हित स्थानों पर झूले और वार्ड नंबर पांच के पार्क में एक ओपन एयर जिम स्थापित किया जाएगा। इससे वार्ड के लोगों को पार्कों में घूमने, बच्चों को खेलने व बुजुर्गों को व्यायाम करने के लिए सुविधा मिलेगी।