फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hamirpur (Himachal) News: धनेटा कॉलेज में शुरू होंगे चार नए कोर्स

Wed, 13 May 2026 01:10 AM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हमीरपुर (हि. प्र.)
विज्ञापन
विज्ञापन
धनेटा(हमीरपुर)। राजकीय महाविद्यालय धनेटा में सत्र 2026-27 से चार नवीन एवं अत्याधुनिक पाठ्यक्रम बीएससी डाटा साइंस, बीएससी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, बीसीए और बीबीए प्रारंभ किए जा रहे हैं। इन पाठ्यक्रमों के संचालन के लिए प्रदेश सरकार से स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है।
विज्ञापन

महाविद्यालय प्रशासन ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से संबद्धता प्राप्त करने हेतु आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर आवेदन भी प्रस्तुत कर दिया है। सत्र 2026-27 से कला स्नातक और वाणिज्य स्नातक सहित सभी पाठ्यक्रमों में प्रवेश ऑनलाइन माध्यम से किए जाएंगे।
महाविद्यालय प्रशासन का कहना है कि ये पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी ज्ञान प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें भविष्य की चुनौतियों और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए भी तैयार करेंगे। इससे ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी।
विज्ञापन

महाविद्यालय प्रशासन ने क्षेत्र के विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने का आग्रह किया है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ज्ञान चंद राणा ने बताया कि राजकीय महाविद्यालय धनेटा प्रदेश का पहला महाविद्यालय बनने जा रहा है, जहां बीएससी डाटा साइंस और बीएससी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे आधुनिक पाठ्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि एमसीए, एमबीए, टूरिज्म एंड ट्रेवल मैनेजमेंट, बीकॉम इंटर्नशिप एम्बेडेड, फूड प्रोसेसिंग एंड क्वालिटी मैनेजमेंट तथा बीएड इंटीग्रेटेड कोर्स जैसे पाठ्यक्रमों के लिए भी प्रदेश सरकार से स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है और इन्हें शीघ्र शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
महाविद्यालय का नया अत्याधुनिक भवन भी तेजी से निर्माणाधीन है और जल्द ही महाविद्यालय को नए परिसर में स्थानांतरित किया जाएगा। भवन में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। विशेष रूप से दिव्यांग विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिफ्ट और अस्पतालों की तर्ज पर रैंप की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी विद्यार्थी को शिक्षा प्राप्त करने में असुविधा का सामना न करना पड़े।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें