बिझड़ी (हमीरपुर)। विकास खंड बिझड़ी की ग्राम पंचायत चकमोह में उपचुनाव के लिए सोमवार को चार उम्मीदवारों ने नमांकन भरा है। ग्रामीणों ने जनवरी माह में हुए चुनाव का बहिष्कार किया था। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अस्पताल के लिए दान की गई भूमि को स्वास्थ्य विभाग के नाम नहीं
किया गया है। उपचुनाव के लिए सोमवार से नामांकन शुरू हो गए हैं। पंचायत में पहले दिन चार उम्मीदवारों के आवेदन आए। प्रधान पद के लिए मीना कुमारी ने आवेदन किया है।
वहीं मंजू देवी, केवल कुमार, सुनील कुमार ने वार्ड सदस्य के लिए आवेदन किए हैं। पंचायत वासियों की भूमि को स्वास्थ्य विभाग के नाम करने के मामले में स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी संज्ञान लिया है। इसके बाद अब लोगों ने उपचुनाव में आवेदन करना शुरू कर दिया है। एआरओ देशराज ने बताया कि पहले दिन चकमोह पंचायत से चार आवेदन आए हैं। वहीं, विकास खंड हमीरपुर की दडूही पंचायत के वार्ड नंबर सात के लिए भी सलीमा बीबी ने नामांकन दाखिल किया है। जबकि जिला में अन्य जगह नामांकन नहीं आए। विकास खंड बिझड़ी की ग्राम पंचायत चकमोह में प्रधान, उपप्रधान और सात वार्डों के सदस्यों के अलावा इसी विकास खंड की ग्राम पंचायत दलचेहड़ा के वार्ड नंबर 4, विकास खंड नादौन की ग्राम पंचायत भदरूं के वार्ड नंबर 2, विकास खंड बमसन की ग्राम पंचायत सराहकड़ के वार्ड नंबर एक, ग्राम पंचायत कक्कड़ के वार्ड नंबर 5, विकास खंड हमीरपुर की ग्राम पंचायत दड़ूही के वार्ड नंबर 7, ग्राम पंचायत दरोगण पति कोट के वार्ड नंबर 8 और ग्राम पंचायत जंगलरोपा के वार्ड नंबर 6 में भी वार्ड सदस्य के लिए चुनाव करवाए जाएंगे।