Former secretary's property will be auctioned in Pandhe cooperative assembly embezzlement case
हमीरपुर। जिला हमीरपुर की दि पंधेड सहकारी सभा में हुए गबन मामले में समाहर्ता एवं सहायक पंजीयक सहकारी सभाएं जिला हमीरपुर अब बड़ी कार्रवाई अमल में लाने जा रहा है। सहकारी सभा के गबन मामले में दोषी पाए गए पूर्व सचिव की अचल भूमि की नीलामी 23 सितंबर को 11 बजे सभा प्रांगण में होगी। वर्ष 2016-17 ऑडिट के दौरान इस सहकारी सभा में करीब 67 लाख का गबन पाया गया था। सहकारिता विभाग की ओर से की गई छानबीन में सभा के पूर्व सचिव को दोषी पाया गया। इसके बाद सभा के सचिव की अचल संपत्ति को कुर्क किया गया।
मंडलीय आयुक्त मंडी से कुर्क की गई अचल संपत्ति को नीलाम करने की अनुमति प्राप्त होने पर समाहर्ता एवं सहायक पंजीयक सहकारी सभाएं जिला हमीरपुर ने 30 दिन का समय आरोपी सचिव के वारिसों को दिया था। इसमें कोई भी वसूली न होने पर कुर्क भूमि को नीलाम करने का निर्णय लिया गया। समाहर्ता एवं सहायक पंजीयक सहकारी सभाएं जिला हमीरपुर प्रत्युष चौहान ने बोलीदाताओं से आग्रह किया कि पंधेड सहकारी सभा के वर्तमान सचिव/प्रधान से कुर्क भूमि की जानकारी प्राप्त कर मौका मुआयना कर सकते हैं। बोलीदाता भूमि का सत्यापन कर अधिक से अधिक संख्या में इस दिन सभा प्रांगण में होने वाली नीलामी में भाग ले सकते हैं। कुर्क भूमि ‘जैसी है वैसी है’ की स्थिति में नीलाम होगी। समाहर्ता एवं सहायक पंजीयक सहकारी सभाएं की ओर से अमल में लाई जा रही इस कार्रवाई से जिले की अन्य सभाओं में हड़कंप है।
98 ऋणधारकों की गिरफ्तारी के आदेश जारी
समाहर्ता एवं सहायक पंजीयक सहकारी सभाएं जिला हमीरपुर प्रत्युष चौहान ने यह भी बताया कि शीघ्र ही जिला हमीरपुर की अन्य सहकारी सभाओं एवं कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के ऋण दोषियों की भूमि समाहर्ता एवं उप पंजीयक धर्मशाला की ओर से कुर्क कर नीलाम की जाएगी। किसी प्रकार की कोई ऋण माफी सहकारिता विभाग नहीं करता है। इसलिए समय पर सहकारी सभा से लिया गया ऋण वापस करना सुनिश्चित करें। बीते सात सितंबर को पश्चिम मंडल के उप पंजीयक ने कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक से डिफाल्टर घोषित जिला कांगड़ा, हमीरपुर और ऊना जिले के 98 ऋणधारकों की गिरफ्तारी के आदेश भी जारी किए हैं। यह डिफाल्टर लंबे समय से न्यायालय में उपस्थित नहीं हो रहे थे। साथ ही 85 डिफाल्टरों को नोटिस भी जारी किए हैं। ऊना जिले के करीब 200 मामलों की सुनवाई अब 16 और 17 सितंबर को हमीरपुर में होगी।