सुबह सात बजे पहुंची टीम, सीसीटीवी खंगालने पर भी नहीं मिला सुराग
अब वारदात स्थल के आसपास सक्रिय मोबाइल नंबरों की जांच में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
बिझड़ी (हमीरपुर)। स्थानीय बाजार में तीन जगह हुई चोरी की वारदात में पुलिस के हाथ अभी कोई ठोस सुराग नहीं लगा है। शुक्रवार सुबह सात बजे फोरेंसिक टीम बिलासपुर से मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। डीएसपी बड़सर हरीश गुलेरिया भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास की दुकानों और घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली, लेकिन कोई अहम सुराग हाथ नहीं लगा। अब पुलिस का ध्यान वारदात के समय घटनास्थल के आसपास सक्रिय मोबाइल नंबरों को खंगालने पर है।
चोरों ने बुधवार रात 50 से 60 मीटर के दायरे में दो दुकानों और एक घर को निशाना बनाया था। घर से बेटी की शादी के लिए तैयार करवाए गए सोने-चांदी के गहनों के साथ पुश्तैनी आभूषण भी चोरी हुए हैं। परिवार के अनुसार चोरी हुए गहनों की कीमत 50 लाख रुपये से अधिक है। बेटी की शादी फरवरी में होनी है। ऐसे में शादी की तैयारियों के बीच हुई इस वारदात से परिवार सदमे में है।
चोर घर में बैठकर शराब भी पी गए थे। मौके पर शराब की खाली बोतलें और जूठे गिलास मिले थे। वारदात की जानकारी मिलने के बाद विधायक इंद्रदत्त लखनपाल और कांग्रेस नेता सुभाष ढटवालिया ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। पुलिस आसपास के साक्ष्यों और मोबाइल गतिविधियों के आधार पर चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
कोट
पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। सीसीटीवी फुटेज में कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। -हरीश गुलेरिया, डीएसपी बड़सर