हमीरपुर। पुलिस थाना सदर हमीरपुर के तहत खसग्रां के समीप जंगल में खाई में गिरने से युवक की मौत के मामले में शव का मंगलवार को पोस्टमार्टम करवाया गया। इसे परिजनों को सौंपा दिया गया है। घटनास्थल पर पहुंचकर फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। प्रारंभिक जांच में खाई में गिरना ही युवक की मौत का कारण माना जा रहा है। हालांकि, पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे।
31 दिसंबर रात को खसग्रां के समीप किन्नौर निवासी 22 वर्षीय युवक की जंगल में मौत का मामला सामने आया था। किन्नौर के कोठी निवासी युवक युवराज नेगी पुत्र श्याम सुंदर नेगी को घायल अवस्था में मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में लाया जा रहा था लेकिन उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। युवक 15 दिन पूर्व ही किन्नौर से हमीरपुर पहुंचा था। वह निजी कॉलेज से बी फार्मेसी की परीक्षा दे रहा था। एसपी हमीरपुर डॉ. आकृति शर्मा ने कहा कि मामले में पुलिस छानबीन कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।