हमीरपुर। जिला हमीरपुर में 18 से 44 वर्ष तक के लोगों के लिए कोरोना टीकाकरण के लिए पंजीकरण शुक्रवार से शुरू हो गया। यह टीकाकरण प्रक्रिया 17, 20, 24, 27 मई को चलेगी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने आग्रह किया है कि आरोग्य सेतु एप के माध्यम से जल्द से जल्द अपना पंजीकरण करवाएं तथा जिन व्यक्तियों ने अपना पंजीकरण करवा लिया है वह फोन नंबर पर आए हुए लिंक पर क्लिक करके वहां पर अपना प्रदेश, जिला, तहसील तथा नजदीकी टीकाकरण केंद्र तथा दिनांक और समय का चयन करें।
उसके बाद टीकाकरण का पुष्टिकरण संदेश मोबाइल नंबर पर आएगा। पुष्टिकरण संदेश के बाद चयनित टीकाकरण केंद्र पर जाएं। अनावश्यक घर से बाहर न निकलें तथा बिना पंजीकरण टीकाकरण केंद्रों पर न जाएं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के विभाग संयोजक अवनीश शुक्ला ने कहा कि अपनी बारी आने पर टीकाकरण अवश्य करवाएं।
उन्होंने कांगड़ा से इंसानियत को शर्मिंदा करने वाली घटना की निंदा की। कहा कि कोरोना संक्रमित महिला को कंधा देने के लिए कोई भी आगे नहीं आया। बेटे को कंधे पर उठाकर शव को श्मशानघाट तक पहुंचाना पड़ा। यह बेहद शर्मनाक है।
उन्होंने कहा कि कोरोना काल में आइसोलेशन में रह रहे लोगों को राशन, दवाइयां तथा कोरोना संक्रमित मृतकों के शरीर को अंतिम संस्कार के लिए विद्यार्थी परिषद के हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।