सुजानपुर(हमीरपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भलेठ में बुधवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से मनाया गया। समारोह में विद्यार्थियों ने नशे पर संकल्प नाटक, लोकगीत, पहाड़ी नाटी और पंजाबी गिद्दे से खूब वाहवाही लूटी।
समारोह में सुजानपुर विधायक कैप्टन रंजीत सिंह बतौर मुख्यातिथि उपस्थित हुए। उन्होंने पूजा-अर्चना कर नवनिर्मित अध्ययन कक्ष का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा बीते वर्ष स्कूल प्रबंधन ने अध्ययन कक्ष निर्माण कार्य की मांग की थी। अब विद्यार्थियों की सुविधा के लिए बजट स्वीकृत करवा कर दिया गया है, ताकि विद्यार्थियों को सुविधा मिल सके।
बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए सुजानपुर और टौणीदेवी में ऑनलाइन कोचिंग सेंटर खोले जाएंगे। अंत में विधायक ने कार्यक्रम के लिए 11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी।
प्रधानाचार्या मंजरी वी महाजन ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत कर वर्षभर स्कूल में आयोजित की सांस्कृतिक, अकादमिक व खेलकूद गतिविधियों का ब्यौरा प्रस्तुत किया। समारोह में मुख्यातिथि ने विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।